छतरपुर में राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा हम हिंदू-सनातन धर्म के लोग हैं। अगर आप अत्याचार, पाखंड करोगे। हमारे धर्म के बारे में बोलोगे तो उनको बताना हमारे एक हाथ में शास्त्र है दूसरे हाथ में भी है। यह मत भूलना। मैं उन पाखंडियों से कहना चाहता हूं…… वियजदशमी पर रावण दहन कार्यक्रम में दिया उनका यह बयान आज सामने आया है। वीडियो में मंत्री अहिरवार हिंदू धर्म और सनातन संस्कृति पर गर्व व्यक्त करते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह कार्यक्रम छतरपुर के छत्रसाल चौराहा स्थित मेला ग्राउंड में आयोजित किया गया था। मंच पर राज्य मंत्री एवं चंदला विधायक दिलीप अहिरवार के साथ छतरपुर विधायक ललिता यादव, कई अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। रावण दहन से पहले अपने संबोधन में मंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि उन्हें स्वयं को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का स्वयंसेवक और सेवक होने पर गर्व है। उन्होंने हाल ही में बागेश्वर धाम के पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के आशीर्वचन सुनने का अवसर मिलने का भी जिक्र किया और उनके मार्गदर्शन को प्रेरणादायी बताया। मंत्री बोले- अत्याचार करने वाले रावण की तरह नष्ट होंगे
मंत्री अहिरवार ने आगे कहा, आज रावण का दहन होगा, पर हमें यह याद रखना चाहिए कि समाज में कोई भी व्यक्ति कितना ही प्रभावशाली या धनवान क्यों न हो, यदि वह अत्याचार करता है तो उसे भी रावण की तरह नष्ट होना पड़ेगा। उन्होंने भारत, हिंदू धर्म या सनातन संस्कृति के विरोध में बोलने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि “हमारे एक हाथ में शास्त्र है और दूसरे हाथ में शस्त्र भी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सनातन धर्म की देवी-देवताओं ने हमेशा धर्म की रक्षा के लिए शस्त्र और शास्त्र दोनों का प्रयोग किया है, और आज भी वही परंपरा हमें प्रेरित करती है। मंत्री अहिरवार ने अपने संबोधन का समापन “जय जय श्रीराम, सनातन धर्म की जय, दुर्गा माता और काली माता की जय, हनुमान जी महाराज की जय” जैसे जयकारों के साथ किया। इसके बाद रावण दहन कार्यक्रम संपन्न हुआ, जहां मौजूद लोगों ने आतिशबाजी और जयघोष के बीच असत्य पर सत्य की विजय का उत्सव मनाया। मंत्री दिलीप अहिरवार के इस भाषण का वीडियो उनके बड़े भाई अशोक अहिरवार ने अपने फेसबुक अकाउंट पर साझा किया था, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


