मंत्री मंजू बाघमार ने व्यापारियों के साथ किया संवाद:बोले – जीएसटी दरों में कटौती से उपभोक्ताओं और व्यापारियों दोनों को मिलेगा लाभ

जिले की प्रभारी मंत्री मंजू बाघमार ने बुधवार को जिला परिषद के ग्रामीण विकास अभिकरण सभागार में व्यापारियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार की बजट घोषणाओं और फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और साथ ही जीएसटी बचत उत्सव से संबंधित पोस्टर का विमोचन भी किया। व्यापारियों से संवाद, जीएसटी बचत उत्सव का पोस्टर जारी जिला परिषद सभागार में आयोजित संवाद कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री बाघमार ने व्यापारियों से चर्चा करते हुए कहा कि हाल ही में राज्य सरकार ने जीएसटी की दरों में कटौती की है। इसका सीधा फायदा आम जनता को मिलेगा। उन्होंने कहा कि कर दरों में कमी से न केवल उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी, बल्कि व्यापारियों का कारोबार भी और सुगम होगा। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे सरकार की इस पहल को आमजन तक पहुंचाने में सहयोग करें ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सकें। इस मौके पर मंत्री ने जीएसटी बचत उत्सव से संबंधित दो पोस्टर का विमोचन किया और इसे व्यापक स्तर पर प्रचारित करने का आह्वान किया। जीएसटी दरों में कमी से मिलेगी राहत इस अवसर पर एसजीएसटी विभाग चित्तौड़गढ़ के सहायक आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने पावर प्वॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जीएसटी कर दरों में की गई हालिया कटौती से व्यापारी और उपभोक्ता दोनों को राहत मिलेगी। कर का बोझ कम होने से बाजार में रौनक बढ़ेगी और अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी। संवाद के दौरान व्यापारियों ने भी अपने विचार और सुझाव साझा किए। उन्होंने सरकार की इस पहल का स्वागत किया और कहा कि इससे व्यापारिक माहौल और बेहतर होगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी रहे मौजूद व्यापारियों से संवाद कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और व्यापारी संगठनों से जुड़े लोग मौजूद रहे। इनमें विधायक चंद्रभानसिंह आक्या, जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर, रतनलाल गाडरी, हर्षवर्धन, गौरव त्यागी, वसीम खान, रघु शर्मा और व्यापार मंडल के अन्य सदस्य शामिल थे। बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी भी कार्यक्रम में पहुंचे और सक्रिय रूप से अपनी राय रखी। बजट घोषणाओं और फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा संवाद कार्यक्रम के बाद प्रभारी मंत्री मंजू बाघमार ने ग्रामीण विकास अभिकरण सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। इस बैठक में जिले में चल रही बजट घोषणाओं और फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिला कलक्टर आलोक रंजन ने प्रभारी मंत्री को जिले में चल रही योजनाओं और कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में नियमित रूप से सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। जनता को राहत देना सरकार की प्राथमिकता प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि जनता को तुरंत राहत मिले। उन्होंने कहा कि शिविरों के जरिए लाभार्थियों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा रही है। अधिकारी यह ध्यान रखें कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे। मंत्री बाघमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि हर योजना का लाभ सही समय पर लोगों तक पहुंचे। इसके लिए सभी विभाग समन्वय और गंभीरता के साथ काम करें। बैठक में मौजूद रहे अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस समीक्षा बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) प्रभा गौतम, मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित, नगर परिषद प्रशासक और अतिरिक्त जिला कलक्टर रावतभाटा विनोद मल्होत्रा सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *