छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के परिणाम के बाद अब राजनीतिक दलों के दिलचस्प रिएक्शन भी सामने आ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने कुछ कार्टून जारी करके कांग्रेस नेताओं को सोशल मीडिया पर घेरा है । एक वीडियो भी चर्चा में आया जिसमें रायपुर की महापौर मीनल चौबे डांस करती दिख रही हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक ब्याज ने EVM पर सवाल उठा दिए हैं। प्रदेश के नतीजों के बाद मंत्री रामविचार नेताम, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत ने रायपुर के जय स्तंभ चौक के पास एक विजय जुलूस निकाला । इस दौरान कार्यकर्ता आतिशबाजी करते रहे । मेयर का चुनाव जीतने वाली मीनल चौबे पूरी खुशी में डांस करती दिखीं। उनके साथ मंत्री-सांसद भी भगवान राम के डीजे पर बज रहे भजनों पर थिरकते दिखे। सोशल मीडिया पर यह वीडियो छाया हुआ है । ये कार्टून भाजपा ने जारी किए
चुनावी रिजल्ट्स के बाद कांग्रेस को घेरते हुए सोशल मीडिया पर भारतीय जनता पार्टी ने कुछ कार्टून जारी किए। इनमें प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, रायपुर के महापौर रह चुके एजाज ढेबर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस के प्रदेश के प्रभारी सचिन पायलट को दिखाया गया है।
EVM पर क्या बोले बैज
पार्टी की ओर से जारी किए गए आधिकारिक बयान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि चुनाव परिणाम हमारी अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं आये जनादेश शिरोधार्य है। पहले चुनाव को टालने की कोशिश हुई, फिर चुनावो की तारीखो को आगे बढ़ाया गया। पहले घोषित किया गया चुनाव बैलेट पेपर से होगा, बाद में निर्णय हुआ मतदान ईवीएम से कराया जायेगा। ईवीएम से मतदान निश्चित किया गया तो अध्यक्ष और पार्षदों के मशीनो को एक साथ जोड़ा गया। उसमें VVPAT की व्यवस्था नहीं किया गया। जबकि ईवीएम के मामले सुप्रीम कोर्ट का स्पष्ट निर्देश है कि VVPAT जोड़ा जाना चाहिये। प्रदेश में मतदान के दौरान 100 से अधिक स्थानों पर ईवीएम बंद होने, खराब होने की शिकायते आई किसी प्रकार मतदान संपन्न हुआ। भाजपा ने इस जीत के लिये तमाम तरीके के अलोकतांत्रिक हथकंडे अपनाये। इसके बावजूद हमारे कार्यकर्ता चुनाव में डटे रहे। जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करते रहे। इस नतीजों से हम निराश जरूर है, लेकिन हताश नहीं है। प्रमुख विपक्षी दल के रूप में हम जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करते रहेंगे। भाजपा सरकार के कुशासन के खिलाफ हमारी लड़ाई और तेज होगी। पाटन और कुनकुरी पर तनातनी
कुनकुरी जो मुख्यमंत्री विष्णुदेव का इलाका है, वहां कांग्रेस नेता को नगर पंचायत में जीत मिली इस पूर्व CM भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर लिखा- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में भाजपा की हार उनके कथित “सुशासन” की हार है.जुमलों की “गारंटी” से जनता का भरोसा उठ चुका है. कुनकुरी नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष विनयशील गुप्ता सहित सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बधाई. इसपर पलटवार करते हुए पाटन इलाका जो कि पूर्व CM बघेल का क्षेत्र है इसे लेकर भाजपा की ओर से लिखा गया- भूपेश बघेल के पाटन का रिपोर्ट कार्ड एक पोस्टर भी जारी किया गया। CM साय क्या बोले
मुख्यमंत्री साय ने कांग्रेस सरकार की विफलताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने निकायों को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था, मेयर और अध्यक्षों के चुनाव को प्रत्यक्ष प्रणाली से हटा दिया गया था। लेकिन भाजपा सरकार ने लोकतंत्र की बहाली करते हुए चुनाव को पुनः प्रत्यक्ष प्रणाली से कराया और इसका परिणाम है कि कांग्रेस के पिछले मेयर आज पार्षद बनने में भी असफल रहे हैं।
कांग्रेस का कुशासन पूरी तरह समाप्त
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा-जनता-जनार्दन ने भाजपा के “अटल विश्वास पत्र” में किए गए वादों पर अपना भरोसा व्यक्त किया है । 10 नगर निगमों में से कांग्रेस को एक भी निगम में सफलता नहीं मिली और वहाँ कांग्रेस का सूपड़ा ही साफ हो गया। रायपुर नगर निगम में भाजपा ने रिकॉर्ड जीत दर्ज की। कांग्रेस के लिए इससे अधिक शर्मनाक क्या हो सकता है कि 49 नगरपालिकाओं के नतीजों में कांग्रेस दहाई का आँकड़ा तक नहीं छू सकी है इसी प्रकार 114 नगर पंचायतों में 84 में भाजपा की बढ़त रही।
कांग्रेस मुक्त प्रदेश बनाएंगे
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व नगरीय निकाय चुनाव समिति के प्रदेश संयोजक भूपेन्द्र सिंह सवन्नी ने कहाकांग्रेसी-दुराग्रह को जनता ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। कांग्रेस ने जिस दोहरे राजनीतिक चरित्र का प्रदर्शन करके प्रदेश के नगरीय निकायों को अराजकता की दिशा में धकेलने का षड्यंत्र रचा था, जनता ने उसका करारा जवाब कांग्रेस को दे दिया है और कांग्रेस की दुर्गति उसी का परिणाम है। भाजपा के विकास और सुशासन के प्रति अगाध समर्थन की प्रचंड आंधी में कांग्रेस एक बार फिर तिनके की तरह उड़ गई है।


