मंदसौर जिले के पिपलियामंडी नगर के टीलाखेड़ा में बुधवार दोपहर 22 वर्षीय नवविवाहिता सलोनी (पति पीयूष माली) ने अपने ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या के कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मल्हारगढ़ एसडीओपी नरेंद्र सोलंकी, थाना प्रभारी संदीप मंगोलिया और चौकी प्रभारी भीमसिंह राठौड़ ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल मंदसौर भेजा गया। परिजनों के बयान परिजनों ने भी अभी तक कुछ भी बयान नहीं दिया है। जानकारी के अनुसार, मृतिका की शादी लगभग आठ माह पहले हुई थी। घटना के समय उनके सास-ससुर घर पर नहीं थे और कुएं पर गए हुए थे। पुलिस ने जिस कमरे में आत्महत्या हुई उसे सील कर दिया है। अधिकारी सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य इकट्ठा कर रहे हैं और मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।


