मंदसौर में पेयजल टंकी से निकला कीचड़नुमा पानी:12 साल से नहीं हुई थी सफाई; छत टूटी तो ढका तक नहीं

मंदसौर शहर के किला क्षेत्र में स्थित पानी की टंकी की बदहाल स्थिति ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंगलवार दोपहर जब नगर पालिका के कर्मचारी टंकी की सफाई के लिए पहुंचे, तो टंकी से बेहद गंदा, कीचड़नुमा और बदबूदार पानी निकलता दिखाई दिया। हालातों को देखते हुए पिछले दिनों इस टंकी से होने वाली पेयजल सप्लाई को बंद कर दिया था। तस्वीर में टंकी के भीतर गंदगी के साथ-साथ टूटी छत का मलबा भी साफ तौर पर नजर आया। 12 साल पुरानी सफाई तिथि, मेंटेनेंस पर उठे सवाल
टंकी पर लिखी अंतिम सफाई तिथि वर्ष 2014 की है, जो लगभग 12 वर्ष पुरानी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से टंकी के रखरखाव और नियमित सफाई पर ध्यान नहीं दिया गया। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की कि टंकी की हर महीने नियमित सफाई करवाई जाए, ताकि लोगों को शुद्ध पेयजल मिल सके। टंकी की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि उसकी छत जगह-जगह से टूट रही है। वहीं जिस स्थान पर टंकी बनी है, उसके नीचे गधे और घोड़े बांधे जा रहे हैं। टंकी की नींव के आसपास पत्थर बिखरे पड़े हैं और जगह-जगह से सीमेंट की पपड़ी उखड़ रही है, जो इसकी जर्जर स्थिति को दर्शाती है। 1978 में बनी टंकी, वर्षों से नहीं हुआ रखरखाव
वर्ष 1978 में शुरू की गई इस टंकी के मेंटेनेंस पर कोई ठोस काम नहीं किया गया। इधर, इंदौर में दूषित पेयजल से हो रही मौतों के मामलों के बीच मंदसौर में इस तरह की टंकी से पानी की सप्लाई होना बेहद गंभीर चिंता का विषय बन गया है। जवाबदार अधिकारियों का कहना है कि अमृत योजना के तहत यहां नई पानी की टंकी बनाने का प्रस्ताव है और मई 2026 तक नई टंकी का निर्माण हो जाएगा। हालांकि, अभी तक जमीनी स्तर पर कोई कार्य शुरू होता नजर नहीं आ रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *