मंदसौर में सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत जिले में आयोजित खेल गतिविधियों का समापन समारोह आज (गुरुवार) उत्कृष्ट विद्यालय में हुआ। इस अवसर पर ‘मध्यप्रदेश संदेश’ पुस्तक का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने मंच से ‘मध्यप्रदेश संदेश’ पुस्तक का विमोचन किया। सभी जनप्रतिनिधियों ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि यह देश और प्रदेश की उपलब्धियों तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करती है। समापन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव उद्बोधन का प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने देखा और सुना। सांसद सुधीर गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि सांसद खेल महोत्सव से गांव-गांव में खेल की भावना जागृत हुई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में आयोजित महोत्सव की तुलना में वर्ष 2025 की गतिविधियों ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। बालिकाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया
सांसद ने आगे कहा कि स्कूलों में विद्यार्थियों की व्यापक सहभागिता रही, जिसमें बालिकाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने उल्लेख किया कि जिले के कई खिलाड़ी देश-विदेश में खेलकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से सप्ताह में एक-दो दिन नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, राजेश दीक्षित, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन के बाद खिलाड़ियों, खेल शिक्षकों, कोच और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सम्मानित किया गया।


