प्रदेश में माशिमं की कक्षा 10वीं की प्री-बाेर्ड परीक्षा में तमाम नियम धरे के धरे रह गए। प्रदेश में सोमवार को अंग्रेजी का पेपर 11 बजे प्रारंभ हुआ लेकिन परीक्षा से 6 घंटे पहले ही पूरा पेपर विद्यार्थियों के मोबाइल तक पहुंच गया। हद तो तब हुई जब मंगलवार को होने वाले गणित का पेपर भी 21 घंटे पहले ही विद्यार्थियों को मिल गया। दरअसल 16 जनवरी से कक्षा 10वीं की प्री-बोर्ड परीक्षा प्रारंभ हुई थी। सोमवार को तीसरा पेपर अंग्रेजी का था। यह 11 बजे प्रारंभ हुआ लेकिन मोबाइल पर यह अक्षरशः सुबह 6 बजे ही आ गया था। अंग्रेजी के पेपर को अब तक करीब 74 हजार विद्यार्थी या दर्शक यूट्यूब पर देख चुके हैं। ऐसे ही मंगलवार को कक्षा 10वीं की गणित का पेपर होगा लेकिन ‘एक्टिव स्ट्रॉन्ग स्टडी’ नाम के यूट्यूब चैनल पर यह पेपर सोमवार की दोपहर 2 बजे से ही उपलब्ध है। चैनल पर 12वीं के भी पेपर उपलब्ध करवाए गए हैं। मामले की जांच कराई जाएगी पेपर यूट्यूब पर कैसे चल सकता है। एक्सेस तो प्राचार्य के पास होता है। यदि गणित का पेपर चल रहा है तो कल पता चलेगा क्या हुआ है। मामले की जांच कराई जाएगी।’
– लोकेंद्र डाबी, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी, मंदसौर


