मंदसौर विकास योजना 2041 के लिए गठित समिति की पहली बैठक शुक्रवार को सुशासन भवन स्थित सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता टीएंडसीपी उप संचालक विनीता दर्शयामकर ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य मास्टर प्लान के मूल सिद्धांतों, नगर एवं ग्राम निवेश (टीएंडसीपी) की कार्ययोजना और शहर के भविष्य के विकास को ध्यान में रखते हुए आवश्यक प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा करना था। इस महत्वपूर्ण बैठक में सांसद सुधीर गुप्ता, कलेक्टर अदिति गर्ग, विधायक विपिन जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार और नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर सहित समिति के कई सदस्य मौजूद रहे। सांसद सुधीर गुप्ता ने जोर दिया कि मास्टर प्लान में शहर की मूलभूत आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने ड्राफ्ट प्लान का पुनः परीक्षण कर प्रत्येक पॉइंट का पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर अदिति गर्ग ने निर्देश दिए कि मूल प्लान में दर्ज सभी दावों और आपत्तियों का गंभीरता से विश्लेषण किया जाए और उनका उचित समाधान निकाला जाए। विधायक विपिन जैन ने सुझाव दिया कि आमजन और जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों को महत्व दिया जाना चाहिए। उन्होंने शासकीय भूमि को ग्रीन बेल्ट में शामिल करने पर विशेष ध्यान देने की बात कही। जैन ने नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित कर प्रगति की निगरानी का भी सुझाव दिया। बैठक में समिति के समक्ष आगामी कार्ययोजना, ग्रीन और ओपन एरिया के मानक, निवेश क्षेत्र के प्रत्येक गांव का विस्तृत प्लान तैयार करने सहित कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई।


