झालावाड़ के डग कस्बे के पास अवैध टोल वसूली का मामला सामने आया है। कस्बे से महज आधा किलोमीटर दूर डग-भवानीमंडी मार्ग पर स्थित टोल नाके पर अवैध वसूली की जा रही है। इस मुद्दे को लेकर शिवसेना, बजरंग दल और व्यापार महासंघ सहित विभिन्न संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने गणेश चौक पर एकत्रित होकर नारेबाजी की। इसके बाद तहसील कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि कस्बे से 7 किलोमीटर दूर स्थित प्रसिद्ध तीर्थस्थल श्री कायावर्णेश्वर महादेव मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं से कार के आने-जाने का 80 रुपए टोल वसूला जा रहा है। डग-सुकेत मार्ग की हालत जर्जर है। करीब 80 प्रतिशत सड़क खराब होने के बावजूद टोल वसूली जारी है। संगठनों ने प्रशासन को 7 दिन का अल्टीमेटम दिया है। उनकी मांग है कि टोल नाके को नियमानुसार आगे शिफ्ट किया जाए। ऐसा नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है। प्रदर्शन में शिवसेना जिला प्रमुख प्रकाश आनंद, व्यापार महासंघ अध्यक्ष बसंती लाल डोसी, बजरंग दल के सुरेश कुमावत समेत कई प्रमुख लोग शामिल थे।


