हनुमानगढ़ जंक्शन में मंगलवार को सेंट्रल वेयर हाउस पल्लेदार और मजदूर यूनियन (सीटू) का 15वां सम्मेलन आयोजित हुआ। सम्मेलन की शुरुआत झंडारोहण से हुई। मोहम्मद इकबाल, हाकिम मंडल, विनोद कुमार और शिवकुमार ने सम्मेलन की अध्यक्षता की। सम्मेलन में मोहन श्रीगंगानगर ने केंद्र सरकार पर मजदूर विरोधी नीतियां बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से पूंजीपतियों को फायदा हो रहा है। मजदूर वर्ग आर्थिक संकट से जूझ रहा है। सीटू जिलाध्यक्ष आत्मासिंह सहित शेरसिंह शाक्य, बहादुर सिंह चौहान, रामेश्वर वर्मा और अन्य नेताओं ने मजदूरों की समस्याओं पर चर्चा की। सभी ने श्रमिकों से संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर मजदूरों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा। सम्मेलन में यूनियन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। शिवकुमार को अध्यक्ष, अफसर अली को उपाध्यक्ष और रणजीत कुमार को सचिव चुना गया। गुरप्रेम सिंह को कोषाध्यक्ष बनाया गया। जसपाल सिंह, महेश और अमित कुमार को कमेटी सदस्य नियुक्त किया गया। मजदूरों ने एकजुटता की शपथ लेते हुए अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।


