नीमच पुलिस ने मंदिरों में शुक्रवार को चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। जीरन थाना क्षेत्र के हर्कियाखाल बालाजी मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों की पहचान की है, जिनमें से 2 को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना 1 फरवरी देर रात की है। इस चोरी में अपराधियों ने मंदिर के मुख्य गेट और अंदर के दोनों लॉकर के ताले तोड़कर बालाजी महाराज का मुख्य मुकुट, चांदी के छत्र, खड़ाऊ और दान पात्र में रखी नकदी चुरा ली। साथ ही रामजानकी मंदिर से राम, सीता और लक्ष्मण के मुकुट और चांदी के छत्र भी ले गए। दान पात्र से लगभग 40-50 हजार रुपए की नकदी भी गायब मिली। एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने राजस्थान के प्रतापगढ़ और सलूम्बर में सक्रिय इस अंतरराज्यीय गिरोह की पहचान की। गिरोह के सदस्य विभिन्न राज्यों और जिलों में घूम-घूमकर मंदिरों की रेकी करते और फिर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से चोरी का माल भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने गैंग के दो सदस्यों खानुलाल मीणा और मोहन मीणा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने अपने चार साथियों रोहित लबाना, लक्ष्मण मीणा, महेंद्र मीणा और राजू मीणा के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। आरोपियों के पास से चोरी में इस्तेमाल की गई अपाचे बाइक और दान पात्र से चुराए गए 11 हजार रुपए बरामद किए गए। उनकी निशानदेही पर महेंद्र मीणा और राजू मीणा के घर से मंदिर से चोरी गए चांदी के छत्र, खड़ाऊ, मुखौटा, गदा और अन्य सामान जब्त किया गया। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। यह सामग्री जब्त की गई आरोपियों के कब्जे से अपाचे बाइक (आर 27 एजी 9051) नकदी राशि 11 हजार रुपए, एक चांदी का बड़ा छत्र, छोटे बड़े अन्य 10 छत्र, एक चांदी का मुखौटा, एक जोड़ चांदी की खड़ाऊ, चांदी की छोटी गदा, पीतल के मुकुट और कुंडल बरामद किए गए।


