पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के बिरसा चौक स्थित हनुमान मंदिर में चोरी की वारदात सामने आई है। बुधवार सुबह सफाईकर्मी ने मंदिर पहुंचकर मुख्य द्वार का ताला टूटा देखा और स्थानीय लोगों को सूचित किया। मंदिर समिति के सदस्य पंकज साहा, अमन भगत और राजा साहा ने बताया कि चोरों ने रात में मंदिर का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। दान पेटी का ताला तोड़कर एक साल से जमा राशि के साथ कुछ आभूषण भी चुरा लिए गए। महाप्रसाद वितरण में करीब 300-400 लोग मौजूद थे समिति के अध्यक्ष टुनटुन भगत ने बताया कि मंगलवार की देर शाम मंदिर में एक जन्मोत्सव कार्यक्रम था। इस दौरान महाप्रसाद वितरण में करीब 300-400 लोग मौजूद थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर के पीछे कुछ लोग अक्सर नशा करते हैं। संभवतः इन्हीं द्वारा चोरी की गई हो। नगर थाना प्रभारी बबलू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और समिति सदस्यों से जानकारी ली। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा। मंदिर के पास लगे सीसीटीवी में चोरी की घटना कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।


