मऊगंज अस्पताल में बायो मेडिकल वेस्ट नियमों का उल्लंघन:प्रभारी डॉ. शुक्ला को कारण बताओ नोटिस जारी

मऊगंज जिला प्रशासन ने सिविल अस्पताल मऊगंज में गंभीर अव्यवस्थाओं और नियमों के उल्लंघन पर सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर संजय कुमार जैन ने खण्ड चिकित्सा अधिकारी एवं अस्पताल प्रभारी अधिकारी डॉ. प्रदुम्न शुक्ला को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई स्वास्थ्य विभाग की निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर की गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 7 नवंबर 2025 को किए गए निरीक्षण में कई खामियां सामने आईं। रिपोर्ट के अनुसार, अस्पताल परिसर में बायो मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट नियम 2016 का स्पष्ट उल्लंघन पाया गया, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ सकता है। इसके अलावा, गर्भवती महिलाओं के प्रसव से संबंधित केस शीट और रिकॉर्ड का संधारण अव्यवस्थित मिला। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि अस्पताल में मरीजों के बेड, वार्ड और परिसर की सफाई व्यवस्था बेहद खराब थी। ओपीडी समय पर डॉक्टर और जिम्मेदार कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जिसके कारण इलाज के लिए आए मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कलेक्टर ने इन सभी बिंदुओं को गंभीर कर्तव्य लापरवाही मानते हुए अस्पताल प्रभारी अधिकारी से तीन दिनों के भीतर उपस्थित होकर संतोषजनक जवाब देने को कहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जवाब असंतोषजनक पाया जाता है या निर्धारित समय में प्रस्तुत नहीं किया जाता, तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *