मऊगंज धान खरीदी केंद्र पर अवैध वसूली का आरोप:किसानों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई; जांच की मांग

मऊगंज जिले के ढेरा धान खरीदी केंद्र पर कथित अनियमितताओं को लेकर किसानों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। किसानों ने प्रशासन से लिखित शिकायत में अवैध वसूली और बाहरी धान की खरीदी का आरोप लगाया है। ढेरा धान खरीदी केंद्र इन दिनों अनियमितताओं के कारण चर्चा में है। शुक्रवार शाम ढेरा गांव के आधा दर्जन से अधिक किसान कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र पर बिना पैसे दिए धान की खरीदी नहीं की जाती है। किसानों से जबरन प्रति किसान राशि की मांग की जाती है, जिसके बाद ही धान की तौल और खरीदी होती है। किसान बोले- बाहरी धान का तुरंत करते हैं खरीदी किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ व्यापारी उत्तर प्रदेश से धान लाकर अपने घरों में जमा कर रहे हैं। इस धान को बाद में पिकअप वाहनों से ढेरा खरीदी केंद्र लाया जाता है और तुरंत तौल लिया जाता है। इसके विपरीत, स्थानीय किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता है। शिकायत दर्ज कराने वाले किसानों में प्रदीप किशोर, उमा मिश्रा और शंशाक शुक्ला शामिल थे। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था किसानों के साथ खुला अन्याय है। किसानों का कहना है कि समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए सरकार की ओर से बनाए गए केंद्र पर ही उनसे अवैध वसूली की जा रही है, जो एक गंभीर विषय है। किसानों ने निष्पक्ष और जांच कराने की मांग किसानों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराने की मांग की है। उन्होंने दोषी कर्मचारियों और व्यापारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की, ताकि भविष्य में किसानों को ऐसी समस्याओं का सामना न करना पड़े। शिकायत के बाद अब प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *