मऊगंज जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए जिला स्वास्थ्य समिति का गठन किया गया है। कलेक्टर संजय कुमार जैन ने सोमवार दोपहर एक प्रेस वार्ता में इसकी आधिकारिक घोषणा की। कलेक्टर ने बताया कि नए जिले के गठन के बाद से जिला स्तरीय स्वास्थ्य समिति का गठन लंबित था। अब अध्यक्ष और सदस्यों सहित पूरी टीम का निर्धारण कर दिया गया है। यह समिति स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी करेगी, जिसमें अस्पतालों की सेवा गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति और मरीजों को मिलने वाली सुविधाएं शामिल हैं। संजय जैन ने कहा कि समिति का लक्ष्य जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को उच्च स्तर पर ले जाना और आम जनता को बेहतर, सुगम तथा गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि यह समिति अस्पतालों में व्याप्त अव्यवस्थाओं को दूर करने, योजनाओं का लाभ आमजन तक समय पर पहुंचाने और स्वास्थ्य सुविधाओं को अद्यतन करने पर विशेष ध्यान देगी। कलेक्टर ने यह भी बताया कि जिला स्तरीय स्वास्थ्य समिति के अतिरिक्त महिला एवं बाल विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग की एक संयुक्त समिति का भी गठन किया गया है। यह समिति हर माह बैठक कर पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेगी और आवश्यक कार्ययोजना बनाएगी। जिला स्वास्थ्य समिति के सक्रिय होने से मऊगंज जिले में स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार की उम्मीद है। इस कदम को स्थानीय निवासियों को बेहतर इलाज, समय पर दवाएं और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


