मऊगंज में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त करने और मताधिकार के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम 25 जनवरी को पीएम एक्सीलेंस शासकीय शहीद केदारनाथ महाविद्यालय में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चला। समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार जैन रहे, जबकि पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कलेक्टर संजय कुमार जैन द्वारा किया गया। अपने संबोधन में कलेक्टर ने नागरिकों को मतदान के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने विशेष रूप से उन युवाओं का स्वागत किया, जिन्होंने इस वर्ष 18 वर्ष की आयु पूरी कर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाया है। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक मत देश के विकास, राष्ट्र निर्माण और लोकतंत्र की मजबूती में निर्णायक भूमिका निभाता है, इसलिए मतदाताओं को सोच-समझकर और जिम्मेदारी से अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने निष्पक्षता पर जोर देते हुए कहा कि जिले में चुनावी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और यदि कहीं कोई शिकायत सामने आती है तो उस पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। समारोह में नए मतदाताओं को पहचान पत्र (ईपीआईसी) वितरित किए गए, जिससे युवाओं में खासा उत्साह देखा गया। कार्यक्रम के दौरान मतदाता दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी पी.के. पांडे, नव मतदाता, निर्वाचन से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


