भास्कर न्यूज | जशपुरनगर जिले और बाहर से पर्यटक मकरभंजा सहित विभिन्न जलप्रपातों में पिकनिक मनाने पहुंच रहे हैं। पांच साल पहले तक तीरथगढ़ जलप्रपात को प्रदेश का सबसे ऊंचा जलप्रपात माना जाता था, लेकिन अब जशपुर के महान नदी पर स्थित मकरभंजा जलप्रपात ने यह कीर्तिमान स्थापित कर लिया है। बस्तर का तीरथगढ़ जलप्रपात लगभग 300 फीट ऊंचा है, जबकि मकरभंजा जलप्रपात की ऊंचाई लगभग 450 फीट से भी अधिक है। यह जलप्रपात बलरामपुर जिले की सीमा से सटे जशपुर के अंतिम छोर पर बसे महनई से लगभग दो किलोमीटर दूर जंगल के अंदर स्थित है। यहां तक पहुंचने के लिए पैदल और कई फीट गहरी खाई से सटे रास्तों से गुजरना पड़ता है।


