रीवा में ‘तुम ब्राह्मण नहीं हो’ कहकर चोटी उखाड़ी:7 साल से नियमपूर्वक 12 इंच लंबी रखी थी; पीड़ित से आरोपी बोला–आज चोटी रखोगे, कल कथा करोगे

मैं ब्राह्मण हूं और तुम यादव हो। तुम्हें चोटी रखने का कोई अधिकार नहीं। रीवा जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के मझिगवां गांव में यह अमानवीय और जातिवादी धमकी पीड़ित रोहित यादव ने खुद बताई। रोहित के अनुसार आरोपी दीपक पांडेय ने सिर्फ गालियां नहीं दीं, बल्कि सात साल से रखी उनकी 12 इंच लंबी चोटी भी उखाड़ दी। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित रोहित यादव ने बताया कि वे सीवर लाइन प्रोजेक्ट में ड्राइवर और हेल्पर के रूप में काम करते हैं और अलग-अलग जगहों पर जाकर सीवर लाइन बिछाने का काम करते हैं। पीड़ित के अनुसार मुख्य मार्ग में सड़क किनारे काम चल रहा था। इसी दौरान आरोपी दीपक पांडेय जोर-जोर से गाली-गलौज करने लगा। पीड़ित ने कहा कि आरोपी दिनभर संदिग्ध गतिविधियां कर रहा था और महंगी पाइपों को बिना वजह छू रहा था। बाद में दो महंगी पाइपें चोरी हो गईं और उन्हें उसी पर शक था। इसके बाद आरोपी ने रोहित यादव से कहा, “मैं ब्राह्मण हूं और तुम यादव हो। तुम्हें चोटी रखने का कोई अधिकार नहीं।” इसके बाद आरोपी ने सात साल से रखी उनकी 12 इंच लंबी चोटी उखाड़ दी और मारपीट की। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने यह चोटी सनातन धर्म और हनुमान जी की उपासना के कारण रखी थी। पीड़ित ने बताया कि आरोपी उसे आने-जाने पर डराता और धमकाता है। इस घटना ने न मुझे मानसिक और शारीरिक चोट दी है। गांव में भी आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं से तथ्यों की पुष्टि की जा रही है। आज चोटी रखोगे, कल कथा करने जाओगे पीड़ित रोहित यादव ने बताया कि जब वह मशीन में डालने के लिए पेट्रोल निकाल रहा था, उसी दौरान आरोपी गाली-गलौज करते हुए उसके पास पहुंचा। आरोपी ने उसे उठाकर जमीन पर पटक दिया और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद जातिगत गालियां देते हुए कहा कि “तेरा चेहरा देखकर लगता है कि तू छोटी जाति से है। तू चोरी कर रहा है और ब्राह्मण न होते हुए भी इतनी लंबी चोटी रखी है। तुझे चोटी रखने का कोई अधिकार नहीं है।” पीड़ित के अनुसार आरोपी ने यह भी कहा कि “आज चोटी रखोगे, कल कथा करने जाओगे।” यह कहते हुए उसने पीड़ित के ऊपर पैर रखा और पूरी ताकत से उसकी चोटी खींच ली, जिससे सात साल से रखी चोटी उखड़ गई। इसके बाद भी आरोपी नहीं रुका और मारपीट करता रहा। रोहित ने कहा जब मैंने थाने में शिकायत करने की बात कही तो आरोपी ने धमकी दी कि अगर थाने जाने की हिम्मत की तो अभी तो चोटी उखाड़ी है, आगे जिंदा जला दूंगा। आरोपी ने कहा था– डॉक्टर और पुलिस सबको मैनेज कर लूंगा पीड़ित रोहित साहू ने बताया कि आरोपी दीपक पांडेय लगातार उसे धमकाता रहा। आरोपी ने कहा कि उसकी पहुंच के बारे में वह नहीं जानता और ऐसा कोई विभाग नहीं है, जहां उसकी पकड़ न हो। उसने दावा किया कि डॉक्टर मेडिकल रिपोर्ट बनाएंगे और पुलिस एफआईआर दर्ज करेगी, लेकिन वह सभी को मैनेज कर लेगा। पीड़ित के अनुसार आरोपी ने यह भी कहा कि थाने के अधिकांश लोग उसे जानते हैं और उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, फिर भी आज तक कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ पाया। पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद उसने गांव के लोगों से जानकारी ली, तब आरोपी का नाम दीपक पांडेय सामने आया। थाने में मुंशी ने कहा- चोटी डस्टबिन में डाल दो पीड़ित ने बताया कि आरोपी के चंगुल से निकलकर वह किसी तरह थाने पहुंचा और मुंशी को पूरी घटना बताई। मुंशी ने पहले मारपीट की जानकारी देने को कहा, लेकिन चोटी के बारे में यह कहते हुए टालने की कोशिश की कि-इसे डस्टबिन में डाल दो। पीड़ित ने इसका विरोध करते हुए कहा कि यह उसकी आस्था का प्रतीक है, जिसे वह पिछले सात वर्षों से रखे हुए है और वह स्वयं सनातन धर्म को मानने वाला है। बिना शिकायत दर्ज कराए चोटी को डस्टबिन में डालना उसे स्वीकार नहीं था। इसी दौरान उसे डर लगा कि कहीं चोटी उससे छीन न ली जाए। इसके बाद वह कुछ कदम पीछे गया और चोटी को जेब में छिपा लिया, ताकि जरूरत पड़ने पर इसे सबूत के तौर पर पेश किया जा सके। घटना के बाद आरोपी करता रहा डराने की कोशिश पीड़ित के अनुसार घटना के बाद भी आरोपी बार-बार लौटकर उसे आंखें दिखाने और डराने की कोशिश करता रहा। वह सड़क के उस पार खड़ा होकर इशारों से धमकाता था, ताकि पीड़ित डरकर अपनी शिकायत वापस ले ले। पीड़ित ने बताया कि डर तो लगता था, लेकिन वह आरोपी की ओर देखना ही बंद कर देता था। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी घटना के बाद से लगातार उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। हैरानी की बात यह है कि अब तक पुलिस की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती, तो आरोपी में इस तरह की हिम्मत नहीं होती। घटना के बाद दूसरे गांव में शिफ्ट किया गया काम घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। पीड़ित और उसकी टीम ने सुरक्षा के चलते अपना काम मझिगवां गांव से लगभग 20 किलोमीटर दूर क्योंटी गांव में शिफ्ट कर दिया है। पीड़ित का कहना है कि फिलहाल वहीं काम शुरू कर दिया गया है और मझिगवां का काम बाद में पूरा किया जाएगा। पीड़ित ने आशंका जताई कि कब, कहां और किस तरह का हमला हो जाए, इसका कोई भरोसा नहीं है। उसने कहा कि यदि पुलिस ऐसे लोगों पर सख्ती नहीं करेगी तो फिर उन्हें रोकने वाला कोई नहीं रहेगा। सरपंच राहुल सिंह बोले- इस कृत्य से पूरा गांव शर्मशार मझिगवां गांव के सरपंच राहुल सिंह ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि आरोपी युवक के इस कृत्य ने पूरे गांव को शर्मसार कर दिया है। उन्होंने बताया कि गांव में इससे पहले इस तरह की कोई घटना नहीं हुई। पहली बार इस प्रकार की घटना सामने आने से ग्राम पंचायत की छवि को ठेस पहुंची है। सरपंच ने आरोपी युवक और उसके परिजनों को सख्त हिदायत दी है कि इस तरह की हरकत दोबारा न करें, अन्यथा ग्राम पंचायत सर्वसम्मति से उनका बहिष्कार करने पर विचार करेगी। उन्होंने पुलिस से भी कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संबंधित खबर पढ़ें… रीवा में युवक की 12 इंच लंबी चोटी उखाड़ी, पीटा:पेट्रोल चोरी के शक में हमला; शिखा लेकर थाने पहुंचा, शिकायत की रीवा के मझीगवां थाना अंतर्गत बैकुंठपुर गांव में कथित चोरी के शक में एक युवक के साथ बर्बरता की घटना सामने आई। आरोप है कि पेट्रोल चोरी के शक में 23 वर्षीय रोहित यादव के साथ मारपीट की गई और उसकी पहचान व आस्था से जुड़ी 12 इंच लंबी चोटी जबरन उखाड़ दी गई। पूरी खबर पढ़ें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *