भास्कर न्यूज | जालंधर मकसूदां सब्जी मंडी के बाहर मंगलवार रात काम से लौट रहे एक युवक को एक्टिवा और मोटरसाइकिल सवार चार लुटेरों ने हथियारों के बल पर घेर लिया। आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल फोन और 1000 रुपए की नकदी लूट ली। थाना एक पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में नगर निवासी अनीश कुमार पुत्र कांत ठाकुर ने बताया कि वह देर रात अपने काम से घर लौट रहा था। जैसे ही वह मकसूदां मंडी के पास पहुंचा, तभी एक एक्टिवा और एक बाइक पर सवार 4 युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने तेजधार हथियार दिखाकर पहले उसके साथ मारपीट की और फिर उसकी जेब से मोबाइल फोन और नकदी छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने राहगीरों की मदद से थाना एक पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार वारदात कैमरे में कैद हो चुकी है। पुलिस के हाथ फुटेज आ गई है जिसे विभिन्न थानों में भेज दिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने मे जुटी हुई है।


