भास्कर न्यूज | जालंधर मॉडल टाउन स्थित एपीजे स्कूल में वार्षिक खेल दिवस मनाया गया। इस दौरान एपीजे एजुकेशन सोसायटी की प्रेसिडेंट सुषमा पॉल बर्लिया के ‘स्वस्थ मन, स्वस्थ शरीर’ के विजन को आगे बढ़ाते हुए इस कार्यक्रम में कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों के आकर्षक मार्च पास्ट के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में एथलेटिक कोच सरबजीत सिंह और स्टेट अवॉर्डी मनदीप कौर उपस्थित रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों को शारीरिक फिटनेस और खेलों में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिताओं के दौरान रिले रेस, मेंढक दौड़, रस्साकशी और शटल रन जैसे खेलों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में कायरा, समायरा, आश्का, अक्षज, रिहान और अनिरुद्ध जैसे नन्हे खिलाड़ियों ने पहला स्थान हासिल कर अपना लोहा मनवाया। वहीं, कक्षा छठी से आठवीं के विद्यार्थियों में अर्जुन धीर, आराध्या, अलीशा और अलंकृता सहित कई अन्य विजेताओं ने पदक जीते। खेल स्पर्धाओं के साथ-साथ टाडा रोड शाखा के विद्यार्थियों द्वारा योग प्रस्तुति दी गई। समारोह के समापन पर विद्यालय के प्रिंसिपल डॉ. राजेश कुमार चंदेल ने सभी विजेता विद्यार्थियों को पदक प्रदान किए और उन्हें बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन और टीमवर्क का महत्व समझाते हुए भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।


