भास्कर संवाददाता | हनुमानगढ़ क्षेत्र के गांव मक्कासर में लूट के इरादे से मारपीट की घटना पर आक्रोश जताते हुए ग्रामीणों ने रविवार को जंक्शन थानाधिकारी को ज्ञापन दिया। साथ ही गांव में गश्त बढ़ाने की मांग की। ज्ञापन में बताया कि 1 मार्च की रात्रि करीब साढ़े नौ बजे मक्कासर के निवासी डालूराम गांव में स्थित अपनी किरयाना की दुकान बंद कर घर लौट रहा था। रास्ते में तीन अज्ञात व्यक्तियों ने डालूराम के साथ मारपीट कर लूटपाट का प्रयास किया। शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि इससे पहले भी गांव में लूट और चोरी की कई छोटी-मोटी वारदातें हो चुकी है। इन घटनाओं पर प्रभावी अंकुश के लिए गश्त बढ़ाई जाए। सरपंच बलदेव मक्कासर व जिला परिषद डायरेक्टर मनीष मक्कासर ने कहा कि वारदातों में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ज्ञापन देने वालों में चेतन भदरा, रामचंद्र महाजनी, नानक फूलिया, रामचंद्र, मधु, कुंदनलाल, मनोज, राजू नंदा, फतेह चंद मौजूद रहे।


