विदिशा| शहर के शैक्षणिक क्षेत्र में एक नया और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ने जा रहा है। मगधम विद्यापीठ द्वारा विदिशा में 14 फरवरी को सुबह 11 बजे पहली बार आईसीएसई बोर्ड स्कूल की शुरुआत की जा रही है। इसी अवसर पर अभिभावकों और शिक्षाविदों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा प्रणाली से अवगत कराने के लिए एक विशेष शैक्षणिक सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है। सेमिनार का उद्देश्य अभिभावकों को यह जानकारी देना है कि आईसीएसई बोर्ड क्यों एक बेहतर शैक्षणिक विकल्प है। साथ ही, कैम्ब्रिज बोर्ड का प्री-प्राइमरी शिक्षा में क्या योगदान है और यह बच्चों के सर्वांगीण विकास में कैसे सहायक है। सेमिनार में देश के प्रतिष्ठित शिक्षा विशेषज्ञ भाग लेंगे। कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी से आमंत्रित डॉ. निशी सेहरावत फोगाट प्री-प्राइमरी स्तर पर कैम्ब्रिज करिकुलम की उपयोगिता पर प्रकाश डालेंगी। आईसीएसई बोर्ड से डॉ. भारत रेड्डी आईसीएसई बोर्ड की संरचना, गुणवत्ता और भविष्य की संभावनाओं पर मार्गदर्शन देंगे। विद्यालय के चेयरमैन सोमिल पलोड ने बताया कि मगधम विद्यापीठ विदिशा जिले का पहला आईसीएसई बोर्ड स्कूल होगा, जिससे अभिभावकों में खासा उत्साह है। अब तक सेमिनार के लिए 56 पंजीकरण हो चुके हैं।


