मछली पकड़ने के विवाद में हुई थी महिला की हत्या:सिर काट शव को फेंक दिया था रेलवे ट्रैक पर, 4 युवक गिरफ्तार

सरायकेला-खरसावां जिले में कांड्रा थाना पुलिस ने रेलवे ट्रैक पर मिले महिला के शव मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। मृतका की पहचान मनोहरपुर गांव की 60 वर्षीय मैनू मंझियाइन के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों में सुनील मुर्मू, बाबूराम हांसदा, अजीत मुर्मू और गोविंद मुर्मू शामिल हैं। पुलिस ने महिला का कटा हुआ सिर और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर लिया है। एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि घटना 3 जून की है। कांड्रा-सिनी रेलवे ट्रैक पर भालूकपहाड़ी और भादवागोड़ा गांव के बीच महिला का सिर कटा शव मिला था। मामले की जांच के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने तकनीकी और मानवीय जानकारी के आधार पर आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों ने महिला का सिर काटकर छिपा दिया पूछताछ में सामने आया कि शव मिलने से दो दिन पहले घटना हुई थी। आरोपी नाले में मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान महिला वहां नहाने आई। मछली पकड़ने को लेकर विवाद हो गया। आरोपियों ने आवेश में आकर महिला की पिटाई कर दी। इससे महिला की मौत हो गई। साक्ष्य मिटाने के लिए आरोपियों ने महिला का सिर काटकर छिपा दिया और शव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। सभी आरोपी मनोहरपुर गांव के रहने वाले हैं। किसी का भी पूर्व में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। चारों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *