बैतूल| महाराष्ट्र के औरंगाबाद में टेंट का काम कर रहे बैतूल जिले के एक मजदूर की मौत हो गई। मामला संदिग्ध लगाने पर परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लेकर आए। जहां पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। अस्पताल पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार चुनालोमा निवासी हेमंत गोहे 35 अपने तीन साथियों के साथ काम के लिए औरंगाबाद गया था। वहां एक टेंट व्यवसायी के यहां मजदूरी कर रहा था। उसके साथ भीमपुर और ग्राम काजली के युवक भी कार्यरत थे। हेमंत पिछले कुछ दिनों से बीमार था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। इसके बाद टेंट व्यवसायी ने एम्बुलेंस की व्यवस्था कर शव को बैतूल भेज दिया। लेकिन परिजनों ने शक था इसलिए उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।


