मजार की दानपेटी को चुराने के मामले में महिला सहित अपचारी बालक गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | राजिम थाना राजिम क्षेत्र अंतर्गत एक मजार से दानपेटी (तामीर पेटी) चोरी करने के मामले में गरियाबंद पुलिस ने एक महिला एवं एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से 5,000 रुपए बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने 21 फरवरी को थाना राजिम में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह राजिम स्थित मजार में खिदमत का कार्य करता है। 20 फरवरी की सुबह लगभग 4 बजे उसने मजार में रखी दानपेटी देखी थी, लेकिन दोपहर में पुनः पहुंचने पर दानपेटी गायब मिली। आसपास पूछताछ करने पर भी कोई सुराग नहीं मिला। दानपेटी में लगभग 25 से 30 हजार रुपए चढ़ावे की राशि होने की आशंका जताई गई थी। मामले में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 एवं 331(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी राजिम द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय कर जांच तेज की गई। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर संदेही महिला सोनम उर्फ मुंडी मरकाम (20), निवासी गांधीनगर देवारपारा, राजिम तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वे कबाड़ी संग्रहण का कार्य करते हैं। 20 फरवरी की सुबह लगभग 4 बजे वे मजार पहुंचे और लोहे की दानपेटी को बोरी में भरकर चोरी कर ली। बाद में उसे खंडोबा मंदिर के पीछे महानदी किनारे ले जाकर तोड़कर अंदर रखी राशि निकाल ली। आरोपियों ने कुल 7,500 रुपये चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने महिला के कब्जे से 1,000 रुपए तथा विधि से संघर्षरत बालक के कब्जे से 4,000 रुपए, कुल 5,000 रुपए जब्त किए हैं। शेष राशि खर्च किए जाने की जानकारी दी गई है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 305, 331(4), 3(5) के तहत विधिवत कार्रवाई की गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *