भास्कर न्यूज | मझिआंव मझिआंव एवं बरडीहा प्रखंड क्षेत्र में रंगों का पर्व होली इस वर्ष भी पूरी तरह शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। सुबह से ही गांवों और कस्बों में लोगों के बीच होली की मस्ती देखने को मिली। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी रंग-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते नजर आए। प्रखंड के विभिन्न गांवों में युवाओं ने जमकर होली खेली। ढोल-मांदर और नगाड़ों की थाप पर लोग झूमते रहे। होली के अवसर पर गांवों में आपसी भाईचारे और सौहार्द की मिसाल भी देखने को मिली। लोग जाति-धर्म से ऊपर उठकर एक साथ इस पर्व को मनाते नजर आए। घरों में विशेष पकवान बनाए गए और मेहमानों का स्वागत किया गया। त्योहार को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। विभिन्न स्थानों चौक चौराहों पर पुलिस की निगरानी के कारण कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। पूरे क्षेत्र में शांति और सौहार्द के साथ होली मनाई गई। इस प्रकार मझिआंव और बरडीहा प्रखंड क्षेत्र में रंगों का यह पर्व उमंग, उल्लास और भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिसे लेकर लोगों में काफी खुशी और संतोष देखा गया।


