मड़ई से लौट रहे युवकों पर जानलेवा हमला:राजनांदगांव में 3 आरोपियों ने चाकू से किया वार; ओवरटेक को लेकर हुआ था विवाद

राजनांदगांव के छुरिया थाना क्षेत्र में मड़ई देखकर लौट रहे युवकों पर तीन लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 3 फरवरी की रात करीब 10 बजे की है। देवेन्द्र चंद्रवंशी अपने दोस्तों के साथ हालेकोसा की मड़ई देखकर मोटरसाइकिल से छुरिया की ओर लौट रहे थे। हालेकोसा मोड़ के पास स्कूटी सवार तीन युवकों- अजय पटोरिया, तुषार अग्रवाल और जतीन गोस्वामी ने ओवरटेक को लेकर विवाद शुरू किया। आरोपियों ने पहले गालियां दीं, फिर मोटरसाइकिल को लात मारकर गिरा दिया। इतना ही नहीं, तीनों ने पीड़ितों की पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान अजय पटोरिया ने चाकू से देवेन्द्र की पीठ और विक्रम कंवर के कुल्हे पर वार कर दिया। घायलों को गांव के मुकेश और त्रिदेव कंवर ने डायल 112 की मदद से छुरिया अस्पताल पहुंचाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल किया। अजय पटोरिया से वारदात में इस्तेमाल चाकू और तुषार अग्रवाल से बिना नंबर की नीली होंडा एक्टिवा जब्त की गई। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *