मप्र में मतदाता सूची में संशोधन का काम पूरा हो गया है। करीब एक महीने तक चले संशोधन कार्यक्रम के बाद सामने आया कि प्रदेश में मतदाताओं की संख्या में 4 लाख 97 हजार 404 बढ़ गई है। 29 अक्टूबर 2024 से मतदाता सूची के संशोधन का काम शुरू हुआ था और 28 नंवबर को समाप्त हो गया।
इसके बाद दावे-आपत्ति बुलाई गई और 6 जनवरी को फाइनल सूची जारी कर दी गई। इसमें जेंडर रेशियो मतदाता रेशियो में भी सुधार हुआ है। प्रदेश में मतदाता अनुपात 63.88 था, जो कि बढकर 64.44 हो गया है। वहीं जेंडर रेशियो पहले 948 था और अब बढ़कर 950 हो गया है। बता दें कि जब पुनरीक्षण का काम शुरू हुआ था, तब मतदाताओं की संख्या 5 करोड़ 65 लाख 94 हजार 963 थी। जब सूची का अंतिम प्रकाशन हुआ तो प्रदेश में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 5 करोड़ 70 लाख 92 हजार 367 हो गई।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुखवीर सिंह ने बताया कि प्रदेश में कुल 230 विधानसभा क्षेत्र और 65 हजार 014 मतदान केंद्र है।


