राजस्थान सरकार के दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य में सुशासन पखवाड़े के तहत विधानसभा क्षेत्रवार रथ यात्राओं का भव्य शुभारंभ आज कोटा जिले में हुआ। यह अभियान 13 दिसंबर से 26 दिसंबर तक चलेगा, और इसकी शुरुआत कोटा जिला परिषद कार्यालय से की गई। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने जिले की सभी विधानसभाओं के रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मंत्री मदन दिलावर ने रथ यात्राओं के चालकों और परिचालकों का माला पहनाकर स्वागत किया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार, रथ के पहियों के नीचे श्रीफल और मिष्ठान रखकर विधिवत पूजा-अर्चना की गई, जिसके बाद रथों को उनके संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। इन रथ यात्राओं के जरिए राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और सुशासन की उपलब्धियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी। कार्यक्रम में कोटा दक्षिण के विधायक संदीप शर्मा, लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक कल्पना देवी, जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, जिला कलेक्टर पियूष सांवरिया, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कमल किशोर मीणा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं रथ यात्राओं की नोडल अधिकारी कृष्णा शुक्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे। सुशासन पखवाड़े के तहत आयोजित ये रथ यात्राएं जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सरकार की नीतियों और योजनाओं का संदेश घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करेंगी।


