बांसवाड़ा शहर के ठिकरीया क्षेत्र में सगाई टूटने से नाराज युवक ने युवती पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे युवती के पिता पर भी आरोपी ने चाकू से वार किए। पुलिस ने घटना के पांच दिन बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। राजतलाब थाना प्रभारी देवीलाल मीणा ने बताया- देवनाथ शर्मा, निवासी सलेमपुर देवरिया (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी ठिकरीया, ने थाने में लिखित रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया कि उनकी बेटी साधना (25) की सगाई करीब एक वर्ष पहले निखिल पिता रमेश नाई, निवासी शास्त्री नगर, बांसवाड़ा से तय हुई थी। निखिल की बदमाश प्रवृत्ति और खराब व्यवहार के चलते परिवार ने बाद में यह रिश्ता तोड़ दिया था। इसके बाद से आरोपी युवक नाराज चल रहा था। घर आकर बनाया दबाव, मना करने पर किया हमला रिपोर्ट में बताया- 8 दिसंबर की शाम करीब 6.30 बजे निखिल उनके घर पहुंचा और साधना से झगड़ा करते हुए रिश्ता न तोड़ने का दबाव बनाने लगा। जब साधना ने साफ इनकार किया तो आरोपी गुस्से में आ गया। वह रसोई में रखा सब्जी काटने का चाकू लेकर आया और अचानक साधना पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। पिता पर भी किया हमला घटना के दौरान जब देवनाथ शर्मा अपनी पुत्री को बचाने पहुंचे तो आरोपी ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। हमले में साधना के सिर, गर्दन और बाएं गाल पर गंभीर चोटें आईं। घायल पिता-पुत्री को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए राजतलाब थाना पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। थानाधिकारी देवीलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आसूचना संकलित कर त्वरित कार्रवाई की। आरोपी गिरफ्तार, बाइक और कपड़े जब्त पुलिस ने आरोपी नितिन उर्फ निखिल भाटिया पिता रमेश भाटिया, निवासी शास्त्री नगर–अमरदीप नगर, बांसवाड़ा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने ठिकरीया क्षेत्र में मारपीट और चाकूबाजी की घटना करना स्वीकार किया। पुलिस ने मौके पर छोड़ी गई आरोपी की बाइक और घटना के समय पहनी गई टी-शर्ट को जब्त कर लिया है। घटना में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी के लिए आगे की जांच जारी है।


