जबलपुर के मदन महल स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पर हुई घटना के दो दिन बाद पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर मंडल प्रबंधक (डीआरएम) कमल कुमार तलरेजा ने सोमवार को घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने मौके का मुआयना कर स्थिति का जायजा लिया। दैनिक भास्कर से बातचीत में डीआरएम तलरेजा ने बताया कि स्टेशन पर पहले से दो फ्लाईओवर ब्रिज मौजूद हैं और लगातार अनाउंस भी किया जा रहा हैं। इसके बावजूद यदि कोई हादसा हुआ है, तो सुधार के उपाय किए जाएंगे। उन्होंने प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर एक छोटे गेट को बंद करने का निर्देश दिया, ताकि यात्री शॉर्टकट के लिए ट्रैक पार न करें। डीआरएम ने इस बात पर भी जोर दिया कि रात 10 बजे के बाद प्लेटफॉर्म नंबर 4 से टिकट मिलना बंद हो जाता है, जिसके कारण कई यात्री जल्दबाजी में ट्रैक पार कर प्लेटफॉर्म 1 पर टिकट लेने आते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे ट्रैक पार करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। यात्रियों को हमेशा घोषणाओं और समाचार पत्रों के माध्यम से ट्रैक पार न करने की सलाह दी जाती है। मौजूदा दो फ्लाईओवर के सवाल पर डीआरएम ने कहा कि लोगों को थोड़ी दूरी तय करनी पड़ती है, और हमेशा बीच में फ्लाईओवर बनाना संभव नहीं होता। उन्होंने यह भी कहा कि स्टेशन पर देखी जा रही अन्य कमियों को भी जल्द दूर किया जाएगा। इस दौरान मदन महल स्टेशन की स्टेशन मैनेजर डॉली सक्सेना ने एक और फ्लाईओवर ब्रिज बनाने की योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह नया फ्लाईओवर ब्रिज जीआरपी कार्यालय के आगे से बनेगा और प्लेटफॉर्म नंबर 1, 2, 3 और 4 को आपस में जोड़ेगा।


