बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि सीएम भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में औद्योगिक विकास करने का काम किया हैं। यह प्रयास पहले भी कई लोगों ने किए होंगे। लेकिन पहले राजस्थान में अस्थिर सरकार थी। कांग्रेस की सरकार में उसी के उप मुख्यमंत्री उनकी टांग खिंचाई करते रहते थे और वो अपनी सरकार को बचाने के लिए होटल में बैठे रहते थे। ऐसी अस्थिर सरकार में कोई भी उद्योगपति अपनी गाढ़ी कमाई का पैसा नहीं लगाएगा। लेकिन अब जब उद्योगपति को लग गया कि केन्द्र और राज्य में बीजेपी की स्थिर सरकार है तो निवेशक अपनी गाढ़ी कमाई राजस्थान में लगाने को तैयार हुआ। राइजिंग राजस्थान में 35 लाख करोड़ के एमओयू हुए। उसमें से 8 लाख करोड़ के एमओयू धरातल पर उतर गए, उनका काम भी शुरू हो गया। मदन राठौड़ आज बीजेपी युवा मोर्चा के नव नियुक्त अध्यक्ष शंकर गोरा के पदभार ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में सीएम भजनलाल शर्मा को भी शामिल होना था, लेकिन वो कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। बिचौलियों को हटा दिया तो भ्रम फैला रहे हैं
मदन राठौड़ ने कहा कि पहले भी देश में पैसा था। लेकिन बिचौलिए पैसा खा जाया करते थे। लेकिन पीएम मोदी ने पैसा खाने वालों को जेल की सलाखों में बंद करने का काम किया। इसलिए आज विकास के लिए पैसा मिल रहा हैं, कोई अपने घर से पैसा नहीं लगाता हैं। चोरों को पैसा नहीं खाने दिया, इसलिए पूरा पैसा विकास में लग रहा हैं। इन बिचौलियों को पैसा खाने का अवसर नहीं मिल रहा है तो यह भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। लेकिन आप लोग भ्रम फैलाने वालों पर विश्वास मत कीजिए। पीएम नरेन्द्र मोदी और सीएम भजनलाल शर्मा के नेतृत्व पर भरोसा करो। चुनावों में युवा मोर्चा की निर्णायक भूमिका रहेगी
भाजयुमो के प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा ने कहा कि युवा मोर्चा सरकार की योजनाओं और भर्ती कैलेंडर को जन-जन तक पहुंचाएगा और आगामी पंचायत व नगरीय निकाय चुनावों में बूथ स्तर तक सक्रिय भूमिका निभाएगा। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में भाजयुमो की भूमिका निर्णायक होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में 19 पेपर लीक हुए, जिससे गरीब परिवारों के बच्चों का भविष्य प्रभावित हुआ। जबकि प्रदेश की भजनलाल सरकार ने पेपरलीक माफियाओं को जेल भेजने का काम किया। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा जारी एक लाख सरकारी नौकरियों के भर्ती कैलेंडर के लिए आभार जताया।


