राजस्थान की प्रख्यात ध्रुपद गायिका प्रो. मधु भट्ट तैलंग को विश्व जागृति मिशन की ओर से आयोजित अंतरराष्ट्रीय श्रद्धा पर्व समारोह में नारी गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। यह समारोह दिल्ली के बक्करवाला स्थित आनंद धाम आश्रम में हुआ, जहां उन्हें यह सम्मान मिशन के संस्थापक संत सुधांशु महाराज, उनकी पुत्री साध्वी अर्चिका और संत मुनि रामदास द्वारा प्रदान किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान पिछले 27 वर्षों से प्रतिवर्ष उन हस्तियों को दिया जा रहा है, जिन्होंने अपने क्षेत्र में समाज को उल्लेखनीय योगदान दिया है। सम्मान प्रदान करते हुए संत सुधांशु महाराज ने कहा कि मधु भट्ट तैलंग ने ध्रुपद गायकी जैसे पुरुष-प्रधान क्षेत्र में अपनी साधना और उत्कृष्ट सेवाओं के माध्यम से समाज की धारा को मोड़ा है। साथ ही उन्होंने अपने गुरु की परंपरा को विश्वस्तर तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। सम्मान ग्रहण करते हुए मधु भट्ट तैलंग ने इसे अपने पिता, गुरु और ध्रुपदाचार्य पद्मश्री पंडित लक्ष्मण भट्ट तैलंग को श्रद्धांजलि स्वरूप समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने भैरवी राग में स्वरचित रचना प्रस्तुत की, जो गुरु और शिष्य के पवित्र रिश्ते पर आधारित थी। उनकी प्रस्तुति से भावविभोर होकर सुधांशु महाराज ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया। कार्यक्रम में मधु भट्ट तैलंग के साथ-साथ पांच अन्य नामचीन हस्तियों को भी सम्मानित किया गया, जिनमें से कुछ को पूर्व में पद्म पुरस्कार भी प्राप्त हो चुका है।


