मध्य प्रदेश कर्मचारी मंच का राज्य स्तरीय कर्मचारी संपर्क अभियान जारी है। शुक्रवार को मंच के अध्यक्ष अशोक पांडे, राजू सिंह, घनश्याम कटारे, सत्येंद्र पांडे, राजा राम मोरे, श्याम लाल विश्वकर्मा, चांद सिंह, भूपेंद्र पांडे, थावरिया भील सहित अन्य पदाधिकारियों ने वन भवन, नर्मदा भवन, पंचायत भवन, सीपीए भवन में जाकर कर्मचारियों को बताया कि मंच ने पिछले साल उनके हित में क्या किया। किन मुद्दों, समस्याओं, मांगों को उठाया और उनमें क्या राहत दिलाई। पांडे ने बताया कि राज्य कर्मचारी संपर्क अभियान में कर्मचारियों को 2024 में सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखी गई कर्मचारियों की प्रमुख समस्याओं एवं मांगों से अवगत कराया जा रहा है। साथ ही साल 2025 की कार्ययोजना भी बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि मंच ने इस साल सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट के आदेशों का पालन कराने, 40 हजार स्थाई कर्मियों को 7वें वेतनमान का लाभ दिलाने, 32 हजार दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को नियमित करने, अनुकंपा नियुक्ति की पात्रता दिलाने, स्थानांतरण नीति का लाभ दिलाने, 5 लाख रुपए तक मेडिकल सुविधा एवं 5 लाख का सरकारी बीमा कराने, पीएफ सुविधा का लाभ दिलाने, 50 हजार अंशकालीन कर्मचारियों को कलेक्टर दर का वेतन दिलाने, 50 हजार वन सुरक्षा चौकीदारों को श्रम आयुक्त द्वारा निर्धारित वेतन दिलाने, अनियमित कर्मचारियों को श्रम अधिकार दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।


