मनरेगा कानून में बदलाव पर कांग्रेस का संग्राम:नुक्कड़ सभाओं से मजदूरों को जानकारी दी, मोहन मरकाम बोले- भाजपा को गांधीजी के नाम से नफरत

कोंडागांव में कांग्रेस पार्टी द्वारा मनरेगा कानून में बदलाव के विरोध में ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत कांग्रेसी पदयात्रा के माध्यम से गांव-गांव पहुंच रहे हैं। कोंडागांव ब्लॉक में शनिवार को पदयात्रा का पांचवां दिन था। यह यात्रा चिपावंड से शुरू होकर भगदेवा, बफना और फरसगांव होते हुए डोंगरीगुड़ा पहुंची। लगभग 10 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद डोंगरीगुड़ा में कार्यक्रम का समापन हुआ। मजदूरों के मजदूरी के अधिकार को समाप्त कर रही भाजपा पदयात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता ग्रामीण मजदूरों और किसानों से मुलाकात कर रहे हैं। वे बता रहे हैं कि यूपीए सरकार द्वारा लाई गई महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को भाजपा सरकार द्वारा खत्म किया जा रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम से नफरत के कारण मजदूरों के मजदूरी के अधिकार को समाप्त कर रही है। गांव-गांव में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री मोहन मरकाम ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के प्रथम आतंकवादी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को पूजने वाली भाजपा को गांधीजी के नाम से इतनी नफरत है कि उसे मनरेगा कानून को समाप्त करने की जरूरत पड़ गई। मरकाम ने आगे कहा कि पूज्य महात्मा गांधी को विश्व के 80 देशों में पूजा जाता है। जब विश्व के राष्ट्राध्यक्ष भारत आते हैं, तो वे बापू को नमन करने से नहीं चूकते, लेकिन भाजपा को गांधीजी से नफरत है। मनरेगा से मजदूरों को मिली मदद उन्होंने बताया कि मनरेगा के माध्यम से 12 करोड़ लोगों को रोजगार मिल रहा था, जिसे भाजपा ने खत्म करने का काम किया है। कोरोना काल में मनरेगा मजदूरों के जीवन में बड़ा सहयोगी साबित हुआ और इससे लोगों के जल व जीवन स्तर में सुधार हुआ। कांग्रेस पार्टी ने घोषणा की है कि वह सड़क से सदन तक अपनी लड़ाई जारी रखेगी। मजदूर हित में जरूरत पड़ने पर कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा। पार्टी किसी भी सूरत में मजदूरों के हितों की रक्षा में पीछे नहीं हटेगी। कांग्रेस ने मांग की कि जिस तरह किसान विरोधी बिल वापस लिए गए, उसी तरह मनरेगा कानून को भी यथावत रखा जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *