मनरेगा का नाम बदलने पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन:कलेक्टरी में घुसने के लिए बेरिकेड्स पर चढ़े कांग्रेस नेता, मुश्किल से नीचे उतारा

मनरेगा योजना का नाम बदलने के विरोध में बीकानेर में शहर व देहात कांग्रेस ने संयुक्त रूप से विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क से कलेक्टरी तक जुलूस निकाला और पुलिस के सामने सरकार विरोधी नारे लगाए। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता बेरिकेड्स पर चढ़ गए। कांग्रेस कार्यकर्ता दोपहर एक बजे गांधी पार्क में एकत्र हुए। पूर्व मंत्री गोविन्दराम मेघवाल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी अमर रहे और जब तक सूरज चांद रहेगा, गांधी तेरा नाम रहेगा, नारे लगाए। कार्यकर्ता जब कलेक्टरी पर पहुंचे तो पुलिस ने बेरिकेड्स से पूरा रास्ता बंद कर दिया। एक प्रतिनिधि मंडल को कलेक्टर कार्यालय तक जाने की अनुमति दी गई लेकिन कार्यकर्ता अंदर घुसने की कोशिश करने लगे। इस दौरान युवा नेता शब्बीर अहमद और देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग बेरिकेड्स पर चढ़ गए। पुलिस ने इनको बाद में नीचे उतारा। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल ने कहा कि मनरेगा का नाम बदल कर गरीब ग्रामीणों को रोजगार बंद करने की साजिश की जा रही है। बीकानेर देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से ही गांव गरीब और किसान विरोधी योजनाओं को लाने का प्रयास करती रही है। पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से भारतीय इतिहास और महापुरुषों के नाम से छेड़छाड़ करती आई है इनका खुद का कोई काम गिनाने लायक नहीं है तो नाम बदलकर योजनाओं को अपने नाम कर रहे है। पीसीसी सदस्य पूर्व विधानसभा प्रत्याशी यशपाल गहलोत ने कहा कि भाजपा हर बार की तरह इस बार भी गरीबों के हितों को कुचलना चाहती है। लूणकरणसर प्रत्याशी डॉ.राजेंद्र मुंड ने कहा कि कांग्रेस किसी भी सूरत में आमजन के हितों पर कुठाराघात सहन नहीं करेगी। संगठन महासचिव प्रहलाद सिंह मार्शल ने बताया कि प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव जिया उर रहमान आरिफ, गजेंद्र सिंह सांखला, प्रदेश सचिव शिवलाल गोदारा, वरिष्ठ कांग्रेसी कन्हैयालाल कल्ला,महिपाल सारस्वत ,अंजू पारख, अरुण व्यास, मकसूद अहमद,हेमंत किराडू, हारून राठौड़ आदि भी शामिल हुए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *