मऊगंज की जनपद पंचायत नईगढ़ी अंतर्गत ग्राम पंचायत फूलकरण सिंह में मनरेगा योजना के तहत खेत तालाब निर्माण कार्य में फर्जी भुगतान और अनियमितताओं की गंभीर शिकायत सामने आई है। जिला प्रशासन ने इस मामले को संज्ञान में लेते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी है। तीन सदस्यीय जांच दल का गठन अपर कलेक्टर पी.के. पाण्डेय ने शिकायत के वेरिफिकेशन के लिए एसडीएम मऊगंज राजेश मेहता की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच दल का गठन किया है। इस दल में एसडीएम के साथ सहायक यंत्री सुधाकर मिश्रा और सहायक लेखाधिकारी शिवेन्द्र मिश्रा को शामिल किया गया है। टीम को एक हफ्ते के अंदर देनी होगी रिपोर्ट जांच दल को निर्देश दिए गए हैं कि वे मौके पर कार्यों की वास्तविक स्थिति, भुगतान प्रक्रिया और संबंधित दस्तावेजों की विस्तार से जांच करें। उन्हें एक हफ्ते के अंदर अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया है। कलेक्टर मऊगंज संजय कुमार जैन ने बताया कि ग्राम पंचायत फूलकरण सिंह में मनरेगा के खेत तालाब निर्माण सहित अन्य योजनाओं में भ्रष्टाचार की शिकायतें मिली हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में अगर गड़बड़ी या वित्तीय अनियमितताएं पाई जाती हैं, तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।


