मनरेगा नाम बदलने का विरोध, मंदसौर में कांग्रेस का प्रदर्शन:गांधी चौराहे से पैदल मार्च, योजना की मूल भावना कमजोर करने का आरोप

केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा का नाम बदलकर विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB-G RAM G) करने के प्रस्ताव के विरोध में मंदसौर में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने गांधी चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर ने किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “मनरेगा बचाओ, देश बचाओ” और “महात्मा गांधी का यह अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” जैसे नारे लगाए और केंद्र सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों ने गांधी चौराहे से जिला हॉस्पिटल रोड और सरदार पटेल चौराहा होते हुए पैदल मार्च निकाला, जो वापस गांधी चौराहे पर समाप्त हुआ। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने वरिष्ठ नेताओं के साथ सरदार पटेल और महात्मा गांधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण भी किया। सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में लागू महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कानून है। उन्होंने बताया कि इस कानून ने ग्रामीण गरीबों, किसानों, श्रमिकों और भूमिहीन परिवारों को हर वर्ष रोजगार का कानूनी अधिकार दिया है। गुर्जर ने आरोप लगाया कि नाम परिवर्तन के बहाने योजना की मूल भावना को कमजोर करने की साजिश की जा रही है। स्वरूप में किए जा रहे बदलाव चिंताजनक
जिला कांग्रेस ने घोषणा की है कि वह इस फैसले के खिलाफ जिले भर में ब्लॉकों और अनुषंगी संगठनों के माध्यम से शहर से लेकर गांव तक आंदोलन करेगी। पूर्व विधायक नवकृष्ण पाटिल ने कहा कि बिना व्यापक विमर्श के मनरेगा के स्वरूप में किए जा रहे बदलाव चिंताजनक हैं और यह गरीबों के अधिकारों पर सीधा हमला है। वहीं, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रातड़िया ने बताया कि मौजूदा बदलावों से मजदूरी भुगतान में देरी, कार्य-दिवसों में कटौती और बजट में कमी के कारण ग्रामीण जनता सबसे अधिक प्रभावित होगी। इस प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस सचिव परशुराम सिसोदिया, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनजीत सिंह टुटेजा, मंदसौर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष मो. हनीफ शेख, माजिद चौधरी, अनीस मंसूरी सहित जिला, ब्लॉक, मोर्चा संगठनों के पदाधिकारी, महिला नेत्रियां और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *