मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले की जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम ने जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ स्थित अलग-अलग कार्यालयों का अचानक निरीक्षण किया। 7 जनवरी को निरीक्षण के दौरान उन्होंने जनपद पंचायत, ग्रामीण अभियंत्रिकी सेवा (आरईएस) और निर्वाचन शाखा का जायजा लिया। इस दौरान अलग-अलग शाखाओं से कई कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इस अनियमितता पर सीईओ अंकिता सोम ने संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। काम समय पर निर्वहन करने की हिदायत दी सीईओ को निरीक्षण के समय कई महत्वपूर्ण कार्यों से संबंधित फाइलें भी उपलब्ध नहीं मिलीं। उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे नस्तियों को सुव्यवस्थित रखें, कार्यालय में स्वच्छता बनाए रखें और सभी कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करें। इसके अलावा सीईओ ने निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का समय पर और निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की हिदायत दी। अंकिता सोम ने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।


