मनेंद्रगढ़ में आगामी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। स्वामी आत्मानंद स्कूल में आयोजित विकासखंड स्तरीय प्रशिक्षण में 80 महिला कर्मियों को मतदान प्रक्रिया की बारीकियां समझाई गईं। नगरीय निकाय मनेंद्रगढ़ के रिटर्निंग ऑफिसर अनिल कुमार सिदार की उपस्थिति में मास्टर ट्रेनर्स ने ईवीएम की कार्यप्रणाली का विस्तृत प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदान यूनिट में 16 पैनल होते हैं, जो दो खंडों में बंटे होते हैं। पहले खंड में महापौर/अध्यक्ष पद के लिए और दूसरे में पार्षद पद के लिए मतदान होगा। EVM मशीन से वोट की जानकारी दी गई प्रशिक्षण में बताया गया कि महापौर/अध्यक्ष पद के लिए पहले पैनल में पद का नाम, उसके बाद के पैनलों में उम्मीदवारों के नाम और चुनाव चिह्न होंगे। अंतिम उम्मीदवार के बाद नोटा (NOTA) का विकल्प रहेगा। इसी तरह पार्षद पद के लिए भी व्यवस्था होगी। अधिक उम्मीदवारों की स्थिति में अतिरिक्त मतदान यूनिट (अधिकतम 4) जोड़ी जा सकती हैं, जिनमें कुल 56 उम्मीदवारों तक का समावेश किया जा सकता है। चुनाव को सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश मतदाताओं को दोनों पदों के लिए अलग-अलग मतदान करना होगा। मतदान यूनिट का अंतिम 16वां पैनल लाल रंग का ‘END’ बटन होगा, जिसका उपयोग मतदान के लिए नहीं किया जा सकता। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के तहत यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य आगामी चुनाव को सुचारू रूप से संपन्न कराना है।


