मप्र में बढ़े पांच लाख नए मतदाता:मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जारी की नई वोटर लिस्ट, 5.70 करोड़ पर पहुंचा वोटर्स का आंकड़ा

प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 5 करोड़ 70 लाख से अधिक हो गई है। सोमवार को सभी जिलों में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद यह रिपोर्ट सामने आई है। लोकसभा चुनाव के बाद 28 नवंबर 2024 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया की गई थी। प्रदेश में मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के दौरान मतदाताओं की संख्या 5 करोड़ 65 लाख 94 हजार 963 थी। मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान 7 लाख 98 हजार 469 नाम जोड़े गए और 3 लाख 01 हजार 65 नाम हटाए गए। 3 लाख 13 हजार 642 मतदाताओं के वोटर आईडी कार्ड में संशोधन किया गया। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2025 अंतर्गत जेंडर रेश्यो और इपी रेश्यो में भी सुधार हुआ है। मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के दौरान प्रदेश में इपी रेश्यो (मतदाता अनुपात) 63.88 था। यह मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के दौरान बढ़कर 64.44 हो गया है। जेंडर रेश्यो (लिंगानुपात) में भी सुधार हुआ है। मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के दौरान जेंडर रेश्यो 948 था, जो अब बढ़कर 950 हो गया है। मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के दौरान प्रदेश में सेवा निर्वाचक 74 हजार 387 मतदाता हैं। जिसमें पुरुष मतदाता 71 हजार 960 एवं महिला मतदाता 2 हजार 427 हैं। 14 लाख 13 हजार 176 आवेदन प्राप्त हुए थे मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2025 के अंतर्गत प्रदेश में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के कुल 14 लाख 13 हजार 176 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनका समय सीमा में निराकरण किया गया। इसमें फॉर्म-6 के 7 लाख 98 हजार 469, फॉर्म-7 के 3 लाख 01 हजार 065 और फॉर्म-8 के 3 लाख 13 हजार 642 आवेदन प्राप्त हुए थे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुखवीर सिंह ने आज मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस बैठक में सीईओ सिंह ने राजनीतिक दलों को आज प्रकाशित की गई मतदाता सूची के संबंध में जानकारी दी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुखवीर सिंह ने बताया कि प्रदेश में 4 लाख 97 हजार 404 वोटर्स का इजाफा हुआ है। प्रदेश में अब कुल मतदाताओं की संख्या 5 करोड़ 70 लाख 92 हजार 367 हो गई है। राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूचियां प्रदान की गई। बैठक में बीजेपी से एसएस उप्पल, कांग्रेस से जेपी धनोपिया, आम आदमी पार्टी से सीपी सिंह चौहान और बसपा से सुधीर उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *