मरीजों का हक मार रहे:दिल के मरीजों को भी जरूरत के हिसाब से नहीं दी जा रही डाइट

अंबेडकर अस्पताल में मरीजों को मेन्यू के हिसाब से भोजन नहीं दिया जा रहा है। प्रसूताओं की थाली से ड्रायफ्रूट यानी काजू-बादाम और किशमिश गायब है। दिल के मरीजों को भी कम तेल, नमक और मसाले का भोजन नहीं दिया जा रहा है। कुपोषण के मरीजों को जो भोजन दिया जा रहा है वही हार्ट के मरीजों को परोस रहे हैं। हालांकि टेंडर की शर्तों में बीमारी के हिसाब से रोज मरीजों को अलग-अलग तरह का भोजन उपलब्ध कराना है। एजेंसी नियमों के अनुसार मरीजों को भोजन नहीं परोस रही है, उसके बाद भी प्रबंधन चुप बैठा है।
हालांकि टेंडर इसी शर्त पर दिया गया था कि मरीजों को भोजन के अलावा ड्राई फ्रूट्स, फल, सालाद और अन्य पाैष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाएगा। क्योंकि मरीजों को बीमारी के हिसाब से अलग-अलग तरह के भोजन की जरूरत होती है। विशेष रूप से प्रसूताओं और कुपोषित मरीजों को को पौष्टिक आहार की जरूरत होती है। मरीजों को जरूरत के हिसाब से भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है या नहीं? इसकी निगरानी के लिए बाकायदा डायटीशियन नियुक्त है। इसके बावजूद अस्पताल के भोजन को लेकर लगातार शिकायतें मिलने के बाद भास्कर ने अस्पताल के अलग-अलग वार्ड में भर्ती मरीजों के भोजन की पड़ताल की। शिशु, प्रसूता, अस्थि रोग, कार्डियोलॉजी विभाग और सर्जरी वार्ड में मरीजों को परोसी जा रही थाली की जांच की गई। इस दौरान यही नजर आया कि यहां सभी मरीजों को एक ही प्रकार का भोजन दिया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *