भास्कर न्यूज | रायगढ़ मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ईएसआईसी अस्पताल परसदा में अब अस्पताल आने-जाने के लिए बस सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस नई पहल का उद्देश्य दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले बीमित कर्मचारियों और उनके आश्रितों को समय पर और सुगम आवागमन की सुविधा प्रदान करना है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, निशुल्क बस सेवा से नियमित उपचार के लिए आने वाले मरीजों को समय की बचत के साथ आर्थिक बोझ से भी राहत मिलेगी। ईएसआईसी अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. निरोज कुजूर ने बताया कि मरीजों की आवश्यकता और सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस सेवा के रूट और समय में विस्तार किया गया है। इस पहल को मरीजों और स्थानीय लोगों ने स्वागत किया है और उन्होंने ईएसआईसी प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। सुबह 8 बजे से 9 बजे कबीर चौक से परसदा के लिए बस रवाना होगी। परसदा से कबीर चौक सुबह 10:15 बजे और दोपहर 1:30 बजे के लिए बस सेवा उपलब्ध रहेगी। परसदा से दोपहर 12 बजे और शाम 5 बजे बस कबीर चौक के लिए चलेगी। वहीं, कबीर चौक से परसदा दोपहर 3:30 बजे और सुबह 10:15 बजे बस उपलब्ध रहेगी। यह सुविधा विशेष रूप से उन मरीजों के लिए लाभकारी होगी जिन्हें बार-बार अस्पताल आना पड़ता है। अस्पताल प्रशासन ने कहा कि भविष्य में जरूरत पड़ने पर बस सेवा और रूट में और विस्तार किया जा सकता है, ताकि अधिक से अधिक मरीज इसका लाभ ले सकें साथ ही किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।


