लैंड बैंक सर्वे के लिए घरघोड़ा गए वन अमले से मारपीट, 5 आरोपी गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | रायगढ़ थाना घरघोड़ा क्षेत्र में ऑन ड्यूटी शासकीय कर्मियों से मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा और लोकशांति भंग करने के मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 4 फरवरी को वन परिक्षेत्र तमनार अंतर्गत केराखोल पश्चिम में पदस्थ वनपाल गोपी सिंह राठिया ने थाना घरघोड़ा में आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदन में बताया गया कि 3 फरवरी को लैंड बैंक सर्वे के दौरान आरोपी बीरसिंह मांझी और जयकुमार मांझी मौके पर पहुंचे। दोनों आरोपी पूर्व में वन अपराध के एक प्रकरण में जेल जा चुके थे, इसी बात को लेकर वे आक्रोशित हो गए। आरोपियों ने सरकारी काम में बाधा डाली, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए डंडे से मारपीट करने दौड़ पड़े। इस मामले में थाना घरघोड़ा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 221, 296, 351(3) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया। थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में दोनों आरोपियों को ग्राम केराखोल से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इसी दौरान थाना प्रभारी घरघोड़ा पुलिस स्टाफ के साथ पेट्रोलिंग पर थे। ग्राम खोखरोआमा क्षेत्र में निजी भूमि पर प्रतिबंधित वृक्ष प्रजाति की अवैध कटाई और छिलाई की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पूछताछ के दौरान प्रेमचंद राजपूत, संतोष कुमार राजपूत और राजेश राजपूत आक्रोशित होकर लोकशांति भंग करने का प्रयास करने लगे। पुलिस द्वारा समझाइश दिए जाने के बावजूद नहीं मानने पर तीनों आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *