मलेरिया कार्यालय में 11 कर्मचारी गैरहाजिर मिले, वेतन कटेगा

भास्कर संवाददाता| विदिशा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामहित कुमार ने बुधवार सुबह शहर के कई स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। सुबह 10 बजे उन्होंने करैयाखेड़ा स्थित प्राथमिक शहरी स्वास्थ्य केंद्र, टीलाखेड़ी की संजीवनी क्लीनिक और ओल्ड हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। सभी केंद्रों पर कर्मचारी समय पर मौजूद मिले। सभी अपने-अपने काम में लगे थे। परिसर साफ-सुथरा मिला। मरीजों को दी जा रही सेवाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली गई। इसके बाद 10.30 बजे डॉ. कुमार मलेरिया कार्यालय पहुंचे। यहां गंभीर लापरवाही सामने आई। निरीक्षण के समय केवल एक कर्मचारी मौजूद था। बाकी 11 कर्मचारी बिना सूचना के गैरहाजिर मिले। इस पर सीएमएचओ ने नाराजगी जताई। अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और उस दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। डॉ. कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और कर्मचारियों की उपस्थिति व सेवाओं की गुणवत्ता पर नजर रखने के निर्देश दिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *