जालंधर| शहर की न्यू ग्रेन मार्केट में चल रहे मशीनेक्स एक्सपो का आज तीसरा और अंतिम दिन है। बीते दो दिनों से आयोजित इस एक्सपो में लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला है। जानकारी के अनुसार, पिछले दो दिनों में लगभग 12 हजार लोगों ने एक्सपो का दौरा किया है, जबकि आज रविवार होने के कारण प्रबंधकों को करीब 8 से 10 हजार लोगों के विजिट करने की उम्मीद है। एक्सपो के दूसरे दिन आम आदमी पार्टी की नेता राजविंदर कौर थियाड़ा ने बतौर मुख्य अतिथि एक्सपो का दौरा किया। इस दौरान फोकल पॉइंट एक्सटेंशन एसोसिएशन के प्रधान नरिंदर सिंह सग्गू और फार्च्यून कंपनी की ओर से एमडी करमजीत सिंह विशेष रूप से उनके साथ मौजूद रहे। हमारी टीम ने एक्सपो में पहुंचे विभिन्न उद्योगों से जुड़े लोगों से बातचीत की, जो आयोजन से काफी संतुष्ट नजर आए। उद्योग प्रतिनिधियों का कहना था कि प्रधान नरिंदर सिंह सग्गू और करमजीत सिंह द्वारा उद्योग में नए मशीनीकरण को बढ़ावा देने के लिए किया गया यह प्रयास सराहनीय है।


