भास्कर न्यूज | अमृतसर मस्जिद सनोवाला को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर गरमा गया है। वेलफेयर सोसायटी ने आरोप लगाया है कि मस्जिद पर कब्जा करने की नीयत से एक युवक पिछले 14 महीनों से लगातार परेशान कर रहा है। आरोप है कि 13 दिन पहले 9 जनवरी को नमाज के दौरान हंगामा किया गया और नमाजियों के साथ मारपीट की गई। पीड़ित पक्ष ने दाढ़ी और केश खींचने तक के आरोप लगाए हैं। जब इस मामले को लेकर सोमवार को पीड़ित थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज करवाने गए तो उन्होंने मना कर वापस भेज दिया। जिसके बाद पीड़ित मंगलवार को शिकायत पत्र के साथ सीपी दफ्तर में पहुंचे और पत्र सौंपा। हालांकि उन्हें दफ्तर के रिडर की ओर से शिकायत पत्र आगे मार्क करने का आश्वासन दिया है, मगर अभी भी पुलिस कार्रवाई करेगी की नहीं उसका कुछ पता नहीं है। मस्जिद सनोवाला अमृतसरी वेलफेयर सोसायटी के सचिव तारिक और जरनल सचिव मोहम्मद सुहैल ने आरोप लगाते हुए बताया कि विवादित युवक और उसके परिजन लंबे समय से मस्जिद के प्रबंधन में दखलअंदाजी कर रहे हैं। सोसायटी का कहना है कि नमाज के वक्त जानबूझकर शोर मचाया जाता है, जिससे नमाज में खलल पड़ता है और धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। आरोपी युवक ने पहले उनके खिलाफ जुलाई 2025 में लोक अदालत में केस दायर किया था, लेकिन वहां समझौते के दौरान वह खुद गलत पाया गया। लिखित रूप में यह तय हुआ था कि वह मस्जिद के कामकाज और देखरेख में कोई दखल नहीं देगा। इसके बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा और अब मारपीट तक की घटनाएं सामने आ रही हैं। 9 जनवरी को नमाज के बाद विरोध करने पर युवक और उसके साथियों ने एक नमाजी के साथ गाली-गलौज की, थप्पड़ मारे और दाढ़ी व केश खींचा गया। सचिव तारिक ने बताया कि उनके केस भी खींचा गया। जिस घटना की वीडियो बनाई गई है। एडीसीपी विशालजीत सिंह को यह शिकायत मार्क की गई है। सोसायटी ने मांग की है कि आरोपी युवक और उसके परिजनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि मस्जिद में शांति बनी रहे और नमाजियों को डर के माहौल में इबादत न करनी पड़े। पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शिकायत के बाद अब जांच और कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है। एडीसीपी विशालजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच होगी। जांच में जो सामने आएगा, बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शिकायत क्यों नहीं ली गई। जानकारी देते तारिक। मस्जिद पर कब्जे को लेकर झगड़ा करते युवक।


