महंत डॉ. नरेशपुरी महाराज को संतों ने किया सम्मानित:महाकुंभ में ‘कुंभ सेवा रत्न’ और ‘धर्म परमार्थ विभूषण’ से अलंकृत

प्रयागराज महाकुंभ में अखिल भारतीय संत समिति द्वारा मेहंदीपुर बालाजी मंदिर के महंत डॉ. नरेशपुरी महाराज को कुंभ सेवा रत्न सम्मान और संयुक्त भारतीय धर्म संसद द्वारा धर्म परमार्थ विभूषण से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें समाजसेवा, धर्म और परमार्थ के क्षेत्र में ट्रस्ट के योगदान और कुंभ मेले में संचालित सेवा कार्यों के लिए दिया गया है। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री राधे बाबा निर्मोही ने सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा- महंत नरेशपुरी महाराज का जीवन धर्म, सेवा और परमार्थ की मिसाल है। महाकुंभ में उनकी सेवाएं न केवल श्रद्धालुओं और संतों के लिए लाभकारी हैं, बल्कि यह समाज में अनुकरणीय प्रेरणा भी देती हैं। संयुक्त भारतीय धर्म संसद के अध्यक्ष आचार्य राजेश्वर ने कहा- महंत नरेशपुरी महाराज ने धर्म और सेवा को एक नई दिशा दी है। उनके द्वारा संचालित कार्य न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं, बल्कि समाज को एकजुट और समृद्ध बनाने में भी सहायक हैं। समारोह में अखिल भारतीय संत समिति के महंत भगवानदास कामतनाथ मंदिर छतरपुर, प्रदेश महामंत्री राधे बाबा निर्मोही और संयुक्त भारतीय धर्म संसद के अध्यक्ष आचार्य राजेश्वर सहित कई संत-महात्मा मौजूद रहे। सभी ने महंत के सतत सेवाभाव की सराहना की और समाज के प्रति उनके समर्पण को प्रेरणादायक बताया। महाकुंभ में बालाजी ट्रस्ट के सेवा कार्य महाकुंभ में मेहंदीपुर बालाजी मंदिर ट्रस्ट द्वारा अन्नक्षेत्र का संचालन किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालुओं और साधु-संतों के लिए कई सेवा कार्य किए जा रहे हैं। इनमें कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और साधु-संतों के लिए भोजन सामग्री, जरूरतमंदों और श्रद्धालुओं को वस्त्र वितरण किया जा रहा है। इसके साथ ही राजस्थान मंडपम के अंतर्गत एक विशाल कैंप का संचालन, जहां श्रद्धालुओं को निशुल्क रहने और खाने की सुविधा दी जा रही है। साथ ही मेहंदीपुर बालाजी सेवा शिविर में भी आवास और भोजन की निशुल्क सुविधा के साथ भंडारा संचालित हो रहा है। यहां साधु-संतों की सेवा के लिए भंडारे का आयोजन, ठंड से बचाव के लिए अब तक 10 हजार से ज्यादा कंबल वितरित किए जा चुके हैं। महाकुंभ में महंत डॉ. नरेशपुरी महाराज के सान्निध्य में रामचरितमानस, श्रीमद् भागवत, विष्णु सहस्त्रनाम और श्रीसूक्त जैसे धार्मिक ग्रंथों का नियमित पाठ किया जा रहा है। साथ ही प्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा हर शाम भजन संध्या का आयोजन, जो श्रद्धालुओं और संतों को आध्यात्मिक अनुभव प्रदान कर रहा है। महंत नरेशपुरी महाराज लंबे समय से सामाजिक और धार्मिक कार्यों में संलग्न हैं। उनकी प्रमुख सेवाओं में निशुल्क बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना, सामूहिक विवाह आयोजनों का संचालन, समाज में धार्मिक और सामाजिक समरसता को प्रोत्साहित करना आदि प्रमुख हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *