भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर महलपारा मुख्य सड़क पर बनाई जा रही नाली अधूरी छोड़ दी गई है। ठेकेदार की लापरवाही से नाली में पानी भर गया है। बारिश के बाद से जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। इससे आसपास के लोग परेशान हैं। गंदा पानी जमा होने से मच्छर तेजी से पनप रहे हैं। डेंगू और मलेरिया फैलने का खतरा बढ़ गया है। नगर पालिका ने सड़क किनारे नाली निर्माण शुरू कराया था। मकसद था कि बारिश का पानी आसानी से निकल सके। लेकिन निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया। नाली पूरी नहीं बनने से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। बदबू के कारण लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो गया है। स्वास्थ्य विभाग ने नगर पालिका को सतर्क किया है। मच्छर जनित रोगों के खतरे को देखते हुए चेतावनी दी गई है। इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। आसपास के लोगों ने जल्द नाली निर्माण पूरा करने की मांग की है। ताकि बारिश में होने वाली परेशानी और बीमारियों से राहत मिल सके। नगर पालिका इंजीनियर अनामिका ने बताया कि नाली अधूरी है। सड़क के दूसरी ओर तक निर्माण पूरा होने पर जलजमाव नहीं होगा। ठेकेदार को निर्देश दिया गया है। जल्द काम पूरा कराया जाएगा। अन्य वार्डों में नालियों की सफाई और दवा का छिड़काव शुरू कर दिया गया है। आधी-अधूरी नाली में भरा बारिश का पानी।


