श्री महाकालेश्वर मंदिर में रविवार को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने पहुंचकर महाकालेश्वर का आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा के दौरान नायडू ने कहा कि उज्जैन में एयरपोर्ट बनाने की दिशा में राज्य सरकार के साथ मिलकर कार्य करेंगे। हम भी चाहते हैं यहां एयरपोर्ट बने, इसके लिए केंद्र सरकार पूरी मदद करेगी। नायडू ने गर्भगृह की देहरी से पूजन-अर्चन कर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि आज पहली बार महाकाल के दर्शन करने का अवसर मिला। बहुत अच्छा लग रहा है। काफी समय से मेरी इच्छा थी कि यहां आकर बाबा का आशीर्वाद लूं और आज यह मुमकिन हुआ। जिस तरह से यहां पूरा कॉम्प्लेक्स विकसित किया गया है, वह सराहनीय है। मुख्यमंत्री, सांसद और अन्य लोगों ने यहां बहुत अच्छा माहौल बनाया है। जो भी कार्यक्रम यहां चल रहे हैं, वे सभी सुविधाजनक तरीके से प्रबंधित हैं। सीधे कनेक्टिविटी के लिए केंद्र से हरसंभव मदद करेंगे नायडू ने आगे कहा- आंध्रप्रदेश से भी बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन महाकाल के दर्शन के लिए आते हैं। यहां चल रहे विकास कार्यों में आगे और विस्तार की संभावना है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान उन्होंने यहां एयरपोर्ट की सुविधा की आवश्यकता बताई। हम राज्य सरकार के साथ मिलकर इस संभावना को तलाशेंगे। केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव मदद करेंगे। श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति की ओर से सत्कार अधिकारी अभिषेक शर्मा ने केंद्रीय मंत्री नायडू का सम्मान किया।


